Friday, March 13, 2026

दिल्ली सरकार ने एनबीसीसी की साइट पर नियमों के उल्लघंन पर लगाया 5 लाख जुर्माना

Share

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने‌ एंटी डस्ट अभियान के दूसरे चरण में कड़कड़डूमा क्षेत्र में एनबीसीसी की साइट का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लघंन मिलने पर 5 लाख का जुर्माना लगाया।

नयी दिल्ली: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने‌ शुक्रवार को कड़कड़डूमा में (नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन) एनबीसीसी की साइट का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लघंन मिलने पर पांच लाख का जुर्माना लगाया।

श्री गोपाल राय‌ ने आज एंटी डस्ट अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की।

उन्होंने कड़कड़डूमा क्षेत्र में एनबीसीसी की निर्माणाधीन ‌साइट का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लघंन मिलने पर पांच लाख का जुर्माना लगाया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि चारों तरफ पराली जलने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

पिछले 10 दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में 45 हजार से ज्यादा जगहों पर पराली जलायी गई।

हवा के रूख में बदलाव के साथ प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर एंटी डस्ट अभियान की शुरुआत अक्टूबर से की गई थी। उसका दूसरा चरण आज से शुरू किया जा रहा है। हमारी टीमें दोबारा से दिल्ली में निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण करेंगी।

निर्माणाधीन स्थलों पर धूल के कण उड़कर हवा में मिलते हैं, जिससे पीएम 10, पीएम 2.5 के स्तर में बढ़ोतरी होती है।

उन्हाेंने दिल्ली के अंदर करीब 25 विभागों को एंटी डस्ट टीम बनाने का निर्देश दिया है।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि एंटी डस्ट अभियान के पहले चरण में करीब ढ़ाई हजार स्थलों का डीपीसीसी की टीम ने निरीक्षण किया था।

उनमें से 450 स्थल ऐसे थे, जहां पर नियमों का उल्लंघन पाया गया था। उन पर करीब 1.30 करोड़ का जुर्माना लगाया गया था।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के अंदर प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार कई अभियान चला रही है जिसमें रेड लाईट ऑन-गाड़ी ऑफ अभियान, पराली गलाने का अभियान उसके अलावा एंटी ओपेन वर्निग अभियान चला रही है।

एंटी ओपेन वर्निग अभियान के तहत 550 टीमें गठित की गई हैं जो पूरी दिल्ली में ओपेन वर्निग को रोकने का काम कर रही है।

पर्यावरण मंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पांच बिंदुओं पर काम शुरू कर दिया है। कल से हमने एंटी ओपेन वर्निग कंपेन शुरू किया है।

आज हम एंटी डस्ट कंपेन का दूसरा चरण शुरू किया है जिससे अगर कोई ऐसे निर्माण स्थलों जहाँ से धूल से प्रदूषण हो रहा हो, उसे रोका जा सके।

पूरी दिल्ली के अंदर सड़कों पर पानी के छिड़काव का अभियान भी चल रहा है।

साथ ही अभी तक हमने 2700 एकड़ से ज्यादा खेतों में पराली पर बायोडिकम्पोजर के छिड़काव का काम पूरा कर लिया है और 20 नवम्बर तक 4000 एकड़ में बायोडिकम्पोजर का छिड़काव कर दिया जाएगा।

इस तरह हम दिल्ली के अंदर के सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं।

Read more

Local News