22.1 C
Delhi
Thursday, January 22, 2026

भाजपा को जीरो पर लाने के लिए मिलकर काम करेंगे विपक्षी दल: ममता

इंडियाभाजपा को जीरो पर लाने के लिए मिलकर काम करेंगे विपक्षी दल: ममता

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि विपक्षी दल आगामी आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जीरो पर लाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

सुश्री बनर्जी ने जनता दल नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के साथ यहां बैठक के बाद संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कहा , “ भाजपा एक बड़ी हीरो बन गयी है। हमें उसे जीरो पर लाना होगा। हम सब एक साथ हैं।”

उन्होंने भाजपा पर झूठ और गुंडागर्दी जैसी आपराधिक गतिविधियों का सहारा लेने का आरोप लगाया और कहा, “हम सभी सामूहिक रूप से मिलकर काम करेंगे। यदि विचार, दृष्टि और मिशन स्पष्ट हैं, तो कोई समस्या नहीं होगी।”

इस मौके पर श्री कुमार ने कहा कि तीनों नेताओं के बीच बहुत सकारात्मक चर्चा हुई और वे आने वाले चुनावों से पहले सभी तैयारियां कर लेंगे। उन्होंने जोर दिया कि केंद्र की मौजूदा सरकार के पास अपने प्रचार के अलावा कुछ नहीं है और देश के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा है।

गौरतलब है कि श्री कुमार आगामी आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ अधिक से अधिक विपक्षी दलों को राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट करने की अपनी योजना को आगे बढ़ाते हुए सुश्री बनर्जी से मुलाकात करने आज यहां पहुंचे।

वह अपने मिशन-2024 के तहत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई शीर्ष विपक्षी नेताओं से पहले ही मिल चुके हैं।

इससे पहले समाजवादी पार्टी  प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने भी सुश्री बनर्जी से मुलाकात का देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की है।इसी क्रम में सुश्री बनर्जी ने कुछ दिन पहले अपने ओडिशा दौरे में बीजू जनता दल प्रमुख एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की थी।

उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के साथ आने वाले चुनावों में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा संख्या में विपक्षी दलों की एकजुटता सुनिश्चित करने की संभावनाओं को लेकर चर्चा की है।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles