18.1 C
Delhi
Thursday, January 22, 2026

साहित्योत्सव शनिवार से

इंडियासाहित्योत्सव शनिवार से

बहु प्रतीक्षित साहित्योत्सव शनिवार से राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार से आरंभ होगा जिसके 40 से ज़्यादा कार्यक्रमों में 400 लेखक और विद्वान भाग लेंगे।

साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. के श्रीनिवासराव ने बृहस्पतिवार काे यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि छह दिवसीय साहित्योसत्व का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे। उच्चतम न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, नोबुल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी और प्रख्यात उद्योगपति सुनीलकांत मुंजाल साहित्योत्सव के विभिन्न चरणों में शामिल होंगे।

डॉ. श्रीनिवासराव ने समारोह की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि साहित्योत्सव में इस बार 400 से ज़्यादा रचनाकार 40 से ज़्यादा विभिन्न कार्यक्रमों में लगभग 60 भाषाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लेंगे। साहित्योत्सव का मुख्य आकर्षण साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2022 वितरण समारोह 11 मार्च को होगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि लब्धप्रतिष्ठ अंग्रेज़ी लेखक एवं विद्वान उपमन्यु चटर्जी होंगे।

न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा प्रतिष्ठित संवत्सर व्याख्यान देंगे। अन्य कार्यक्रमों में सात लेखक सम्मेलन, 15 रचना-पाठ कार्यक्रम, 13 परिचर्चाओं के अलावा नारी चेतना, अस्मिता, कथासंधि, लेखक से भेंट और व्यक्ति तथ्पा कृति जैसे नए कार्यक्रम होंगे। बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम के साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी उत्सव का मुख्य आकर्षण होंगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष साहित्योत्सव भारतीय साहित्य और संस्कृति की एकता विषय पर केंद्रित है। जी-20 को केंद्र में रखते हुए ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ विषयक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, शिक्षा और सृजनात्मकता, वैचारिकता और साहित्य एवं साहित्य और महिला सशक्तिकरण पर विशेष परिचर्चाएं रखी गई हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय ‘महाकाव्यों की स्मृतियां, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण’ रहेगा। हिंदी के प्रख्यात कवि, आलोचक एवं साहित्य अकादेमी के महत्तर सदस्य विश्वनाथ प्रसाद तिवारी इसका उद्घाटन वक्तव्य और प्रख्यात सामाजिक सिद्धांतकार एवं आलोचक आशीष नंदी बीज वक्तव्य देंगे।

कुछ अन्य विशेष कार्यक्रम जैसे व्यक्ति एवं कृति में प्रख्यात समाज सुधारक एवं नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी और प्रख्यात उद्योगपति एवं लेखक सुनीलकांत मुंजाल, कथा संधि कार्यक्रम में प्रख्यात उर्दू लेखक अब्दुस समद, लेखक से भेंट कार्यक्रम में प्रख्यात मैथिली एवं हिंदी लेखिका उषा किरण खान उपस्थित रहेंगे।

साहित्योत्सव में कज़ाकिस्तान से लेखक भी उपस्थित रहेंगे और इंडो कज़ाक लेखक सम्मेलन और विदेशों में भारतीय साहित्य पर भी बातचीत होगी। प्रतिदिन साहित्य अकादेमी द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रदर्शनी और आकर्षक छूट पर पुस्तकें बिक्री के लिए भी उपलब्ध होंगी।

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles