Friday, March 27, 2026

कॉमेडी किंग से मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक

Share

करीब 40 दिन तक बीमारी से जूझने के बाद कॉमेडी किंग से माशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने आज अंतिम सांस ली

पिछले एक महीने से भी अधिक समय से बीमार चल रहे मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का बुधवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स में निधन हो गया. वह 58 वर्ष के थे. उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है.

राजू श्रीवास्तव को तबीयत खराब होने पर गत 10 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में उनकी हालत ज्यादा समय तक गंभीर बनी रही और उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा. करीब 40 दिन तक बीमारी से जूझने के बाद उन्होंने आज अंतिम सांस ली.

राजू श्रीवास्तव भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे और वह पार्टी नेताओं से मिलने के लिए यहां आए थे. उसके बाद अचानक उनकी यहीं तबीयत खराब हो गई जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया.

कॉमेडी किंग के रूप में बनायी थी अपनी पहचान

बॉलीवुड में राजू श्रीवास्तव को एक ऐसे कलाकार के तौर पर याद किया जायेगा जिन्होंने अपने लाजवाब कॉमिक अभिनय से दर्शकों के दिलों में विशिष्ट पहचान बनायी.

राजू श्रीवास्तव का जन्म 25 दिसंबर 1963 को कानपुर में एक मध्यम वर्ग परिवार में हुआ था. उनके पिता रमेश चंद्र श्रीवास्तव जाने-माने कवि थे, जिनको लोग बलाई काका के नाम से जानते थे. राजू श्रीवास्तव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कानपुर से ही प्राप्त की.

राजू श्रीवास्तव बचपन से ही हास्य कला के धनी थे. वह अपनी हास्य कला से लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला देते हैं. राजू श्रीवास्तव का वास्तविक नाम सत्य प्रकाश श्रीवास्तव है और उनको गजोधर भैया के नाम से भी जाना जाता है. एक अच्छे मिमिक होने के कारण राजू बचपन से ही कॉमेडियन बनना चाहते थे.

अपने करियर के शुरुआती दौर में राजू श्रीवास्तव कई फिल्मों में छोटे-छोटे रोल निभाने का अवसर मिला. वर्ष 2005 में राजू श्रीवास्तव ने टीवी शो द ग्रेट इंडिया लॉफटर चैलेंज में शिरकत की. इस शो में कई हास्य कलाकारों ने भाग लिया जिनमें से राजू श्रीवास्तव एक थे. इस शो में राजू श्रीवास्तव ने अपनी कॉमेडी से ना तो सिर्फ जजों का दिल जीता बल्कि पूरे भारत में उनको पसंद किया जाने लगा.

राजू श्रीवास्तव को इस शो से ही गजोधर के नाम से जाना जाने लगा. इसके बाद राजू श्रीवास्तव ने स्पिन-ऑफ, द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज चैंपियंस में भाग लिया, जिसमें उन्होंने ‘कॉमेडी के बादशाह’ का खिताब जीता.

राजू श्रीवास्तव ने बिग बॉस, शक्तिमान, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो जैसे कई शोज में शिरकत की है.वर्ष 2013 में, राजू ने अपनी पत्नी के साथ नच बलिए सीजन 6 में भाग लिया. राजू श्रीवास्तव ने तेज़ाब,मैंने प्यार किया, बाज़ीगर, मिस्टर आज़ाद, अभय ,आमदनी अठन्नी खर्चा रुपइया,वाह! तेरा क्या कहना, मैं प्रेम की दीवानी हूँ,बिग ब्रदर, बॉम्बे टू गोवा,बारूद: द फायर – अ लव स्टोरी’ टॉयलेट: एक प्रेम कथा समेत कई फिल्मों में काम किया.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने राजू के निधन पर किया शोक व्यक्त
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया है. राजू श्रीवास्तव का बीमारी के कारण आज सुबह एम्स में निधन हो गया था.

श्री सिंह ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, “सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार, राजू श्रीवास्तव जी के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है. वह एक मंझे हुए कलाकार होने के साथ-साथ एक बेहद ज़िंदादिल इंसान भी थे. सामाजिक क्षेत्र में भी वह काफ़ी सक्रिय रहते थे. उनके शोकाकुल परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ.ॐ शान्ति.”

श्री शाह ने अपने संदेश में कहा, “सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव जी का एक विशिष्ट अंदाज था, उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया. उनका निधन कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है. मैं उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ. ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें. ॐ शांति शांति.”

केजरीवाल ने भी श्रीवास्तव के निधन पर जताया शोक

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक जताया.

श्री केजरीवाल ने भी ट्वीट कर शोक प्रकट किया है. उन्होंने कहा ‘’मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव जी का निधन बेहद दुखद. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों एवं सभी प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ.”

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा ‘’हर भारतीय घर में दशकों से हंसी और खुशी फैलाकर लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाने वाले कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव का निधन एक बड़ी क्षति है. प्रार्थना करता हूँ कि ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे व उनके परिवार को इस शोक को सहने की हिम्मत दे.”

लंबे समय से बीमार चल रहे राजू श्रीवास्तव का आज यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स में निधन हो गया.

Read more

Local News