Friday, March 13, 2026

26 सितंबर को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी करेंगे पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत

Share

हरियाणा में आगामी 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम की घोषणा की। इस कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी हरियाणा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और समर्थकों से बातचीत करेंगे। पीएम मोदी ने एक एक्स पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि वह 26 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे नमो ऐप के जरिए कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।

सवाल और सुझाव मांगते हुए पीएम मोदी ने किया लिंक साझा

‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम से पहले, पीएम मोदी ने समर्थकों से उनके सवाल और सुझाव भी मांगे हैं। उन्होंने एक्स पर एक लिंक साझा करते हुए लिखा, “हरियाणा विधानसभा चुनाव में हमारे कार्यकर्ता, वॉलंटियर और समर्थक हर बूथ पर कमल खिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 26 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे नमो ऐप के माध्यम से उनके साथ ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में संवाद करने का अवसर मिलेगा। अपने सवाल और सुझाव जरूर भेजें।”

स्वीप गतिविधियों के जरिए मतदाताओं को किया जा रहा है जागरूक

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने जानकारी दी कि 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं। नारा लेखन, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, और पोस्टर निर्माण जैसी स्वीप गतिविधियों के जरिए मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

हरियाणा के मतदाता राजनीतिक रूप से सजग

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि हरियाणा के मतदाता राजनीतिक रूप से जागरूक हैं, और राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हमेशा अन्य राज्यों की तुलना में अधिक मतदान हुआ है। पिछले विधानसभा चुनाव में 68.31% मतदान हुआ था। इस बार भी चुनाव आयोग और नागरिकों का कर्तव्य है कि वे मतदान में भाग लेकर लोकतंत्र के इस पर्व में शामिल हों।

गौरतलब है कि हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा, और मतों की गिनती जम्मू-कश्मीर के साथ 8 अक्टूबर को की जाएगी।

Read more

Local News