Tuesday, March 24, 2026

आईएमए ने डॉक्टरों की सुरक्षा पर जताई चिंता, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से करेंगे मुलाकात

Share

कोलकाता में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। आईएमए ने सरकार से अस्पतालों को ‘सुरक्षित क्षेत्र’ घोषित करने की मांग की है। इस मुद्दे पर चर्चा करने और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, आईएमए के अध्यक्ष और एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से मुलाकात करेंगे।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. आरवी अशोकन ने मीडिया को बताया कि डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर संगठन की कई मांगें हैं, जिनमें अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित करना प्रमुख है। उन्होंने कहा, “हमारी ये मांगें पिछले दो दशकों से लंबित हैं। अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार अस्पतालों को ‘सुरक्षित क्षेत्र’ घोषित करे और इसे कानून द्वारा परिभाषित किया जाए, जिसे स्थानीय प्रशासन सख्ती से लागू करे।”

डॉ. अशोकन ने डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए एक केंद्रीय कानून की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “भारत के 25 राज्यों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ हिंसा पर राज्य कानून मौजूद हैं, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है क्योंकि कोई केंद्रीय कानून नहीं है। अब यह आवश्यक हो गया है कि इस पर विचार किया जाए और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक केंद्रीय कानून लाया जाए।”

उन्होंने यह भी बताया कि आज की तारीख में भारत में महिला डॉक्टरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। आईएमए का प्रतिनिधिमंडल इस मामले पर चर्चा करने के लिए बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेगा, ताकि उनकी मांगों का जल्द समाधान निकाला जा सके।

Read more

Local News