Friday, March 13, 2026

राष्ट्रपति मुर्मू से मिले नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड

Share

भारत यात्रा पर आये नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहल प्रचंड ने गुरूवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मू से मुलाकात की।
इससे पहले श्री प्रचंड ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ यहां हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की थी।

श्रीमती मुर्मू ने नेपाली प्रधानमंत्री का स्वागत किया तथा उन्हें प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्री प्रचंड के भारत के साथ पुराने संबंधों और उनके अनुभव को देखते हुए भारत को उम्मीद है कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध नये आयाम हासिल करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंंध और अधिक मजबूत होंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-नेपाल द्विपक्षीय सहयोग हाल के वर्षों में निरंतर बढा है तथा दोनों देशों के बीच व्यापार कोविड महामारी के बावजूद निरंतर जारी रहा है। उन्होंने कहा कि खुली सीमाओं के चलते दोनों ओर पर्यटन बढा है।
उन्होंने आध्यात्मिक पर्यटन को पुराने समय के स्तर पर पहुंचाने तथा लोगों के बीच परस्पर संपर्क को बढावा देने की जरूरत पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के शहरों के बीच समझौते और आर्थिक लेन देन के बल पर भी दोनों देशों के बीच पर्यटन को बढाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नेपाल भारत की प्राथमिकता में उपर है और भारत उसके साथ विकास भागीदारी को बढाने तथा महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा करने का इच्छुक है।
श्री प्रचंड ने उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ भी शिष्टाचार भेंट की।

Read more

Local News