Wednesday, March 18, 2026

मिस्र के राष्ट्रपति भारत की यात्रा पर दिल्ली पहुंचे

Share

भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह एल सिसी आज यहां पहुंच गये।

पालम वायुसैनिक हवाईअड्डे पर मिस्र के राष्ट्रपति अपने विशेष विमान से करीब छह बजे उतरे। विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने उनकी अगवानी की।

श्री एल सिसी की यह तीसरी भारत यात्रा है। वह पहली बार 2015 में भारत अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन में भाग लेने आये थे और इसके बाद सितंबर 2016 में वह द्विपक्षीय राजकीय यात्रा पर आये थे। श्री मोदी से उनकी यह तीसरी मुलाकात होगी।

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार श्री एल सिसी का कल सुबह दस बजे राष्ट्रपति भवन में रस्मी स्वागत किया जाएगा। वह तीनों सेनाओं की संयुक्त टुकड़ी की सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर उनसे होटल में मुलाकात करेंगे।

मेहमान नेता इसके बाद राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। करीब साढ़े 11 बजे हैदराबाद हाउस में श्री एल सिसी एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी और उसमें आपसी सहयोग के कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाएंगे। शाम साढ़े सात बजे वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।

अगले दिन वह दस बजे कर्त्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। करीब साढ़े तीन बजे वह राष्ट्रपति भवन के ऐट होम में शामिल होंगे और शाम को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ उनसे भेंट करेंगे। श्री एल सिसी 27 जनवरी को सुबह दस बजे स्वदेश रवाना होंगे।

सूत्रों के अनुसार मिस्र के साथ भारत के संबंधों में बीते दिनों काफी प्रगति हुई है। दोनों का द्विपक्षीय कारोबार 7.6 अरब डॉलर का हो गया है जिसमें 75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। अगले पांच वर्षों में इसे 12 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

दोनों देशों के बीच हाइड्रोकार्बन स्वच्छ ऊर्जा खासकर ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन के क्षेत्र में सहयोग को लेकर बात चल रही है।

 

Read more

Local News