भारत का 53वां अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव गोवा में 20 से 28 नवंबर तक चलेगा
भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के भारतीय पैनोरमा खंड के लिए द कश्मीर फाइल्स, दी स्टोरीटेलर और मेजर (हिंदी) सहित विभिन्न भाषाओं की 45 फिल्मों के चयन की शुक्रवार को घोषणा की गयी. इनमें 25 फीचर फिल्म और 20 गैर-फीचर फिल्म हैं.
भारत का 53वां अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव गोवा में 20 से 28 नवंबर तक चलेगा.
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम द्वारा आयोजित भारतीय पैनोरमा के लिए जाने-माने निर्देशक और संपादक अध्यक्ष विनोद गनात्रा की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय निर्णायकमंडल ने तय शर्तों और प्रक्रिया के अनुसार सिनेमाई, विषयगत और सौंदर्यगत उत्कृष्टता वाली फीचर फिल्मों का चयन किया है.
गैर-फीचर फिल्मों का चयन छह सदस्यीय निर्णायकमंडल ने किया जिसकी अध्यक्षता फिल्मकार, निर्माता, लेखक और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता, अध्यक्ष ओइनम डोरेन ने की.
फीचर फिल्म खंड के लिए 354 प्रविष्टियों में से छांटी गयी 25 फिल्मों में-महानंदा (बंगाली, निर्देशक अरिंदम सिल), थ्री ऑफ अस ( हिंदी,अविनाश अरुण धवारे), द स्टोरीटेलर (हिंदी, अनंत नारायण महादेवन),मेजर (हिंदी, शशि किरण टिक्का),सिया (हिंदी,मनीष मूंदड़ा), ढाबरी कुरुवी (इरुला, प्रियनंदनन), हदीनेलेंटु (कन्नड़,पृथ्वी कोनानुर), नानू कुसुमा (कन्नड़,कृष्ण गौड़ा), लोटस ब्लूम्स (मैथिली,प्रतीक शर्मा),अरियिप्पु (मलयालम, महेश नारायणन), सऊदी वेल्लाक्का सीसी.225/2009 (मलयालम,थारुन मूर्ति), फ्रेम, (मराठी,विक्रम पटवर्धन), शेर शिवराज (मराठी,दिगपाल लांजेकर),एकदा काय झाल (मराठी,डॉ. सलिल श्रीनिवास कुलकर्णी), प्रतिक्षा (उड़िया,अनुपम पटनायक),कुरेंगू पेडल (तमिल,कमलाकन्नन एस), किडा (तमिल,आर.ए. वेंकट), जय भीम (तमिल, टी. जे. ज्ञानवेल), सिनेमाबंदी (तेलुगु,कंड्रेगुला प्रवीण) और खुदीराम बोस (तेलुगु, विद्यासागर राजू) इन 20 फिल्मों के अलावा मुख्य धारा के सिनेमा खंड के लिए द कश्मीर फाइल्स (हिंदी, विवेक रंजन अग्निहोत्री),आरआरआर (रौद्रम रणम रुधिरम) (तेलुगु, एसएस राजामौली, टॉनिक (बंगाली, अविजित सेन), अखंडा (तेलुगु, बोयापति श्रीनिवास राव) और धर्मवीर… मुक्काम पोस्ट ठाणे (मराठी,प्रवीण विट्ठल तर्डे) शामिल है.
बयान के अनुसार भारतीय पैनोरमा 2022 की ओपनिंग फीचर फिल्म के तौर पर फीचर फिल्म जूरी की पसंद पृथ्वी कोनानुर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘हदीनेलेंटु’ (कन्नड़) तय की गयी है.
भारतीय पैनोरमा की नॉन-फीचर फिल्में के लिए 242 समकालीन फिल्मे के नाम मिले थे, इनमें पाताल ती (भोटिया, मुकुंद नारायण और संतोष सिंह),टांघ (अंग्रेजी , बानी सिंह),आयुष्मान (अंग्रेजी,जैकब वर्गीस), अदर रेः आर्ट ऑफ सत्यजीत रे (अंग्रेजी,जयदीप मुखर्जी), गुरुजना (अंग्रेजी,सुदीप्तो सेन),हाथीबन्धु (अंग्रेजी, कृपाल कलीता),
क्लिंटन (अंग्रेजी,पृथ्वीराज दास गुप्ता),द शो मस्ट गो ऑन (अंग्रेजी दिव्या कवासजी),खजुराहो, आनंद और मुक्ति (हिंदी ,रामजी ओम और दीपिका कोठारी), विभाजन की विभीषिका अनकही कहानियां (हिंदी, हितेश शंकर),फातिमा (हिंदी,सौरभ कांति दत्ता),छू मेड ना युल मेड (हिंदी,मुनमुन ढलारिया),बिफोर आई डाय (हिंदी,नकुल देव),मध्यांतर, (कन्नड़,बस्ती दिनेश शेनॉय), वागरो (कणी,साईनाथ एस. उसकाईकर), वीतिलेक्कु (मलयालम,अखिल देव एम), बियॉन्ड ब्लास्ट (मणिपुरी,साइकोम रतन),रेखा (मराठी,शेखर बापू रनखांबे),यानम (संस्कृत,विनोद मनकारा) और लिटिल विंग्स (तमिल,नवीनकुमार मुथैया) शामिल हैं.
भारतीय पैनोरमा, 2022 की प्रारंभिक गैर-फीचर फिल्म के लिए निर्णायक मंडल दिव्या कवासजी द्वारा निर्देशित ‘द शो मस्ट गो ऑन’ (अंग्रेजी) है.

