शाह ने त्रिपुरा के सबरूम में भारत-बंगलादेश सीमा पर लगी तार की बाड़ का निरीक्षण किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को त्रिपुरा के सबरूम में भारत-बंगलादेश सीमा पर लगी तार की बाड़ का निरीक्षण किया.
श्री शाह के साथ केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला भी हैं. श्री शाह ने दक्षिण त्रिपुरा के कथलचेरी में सबसे पुरानी सीमा चौकियों में से एक का दौरा किया और एलीयामारा तथा आनंदपारा के बीच तीन किलोमीटर के खंड का निरीक्षण किया. इस इलाके में भारत एवं बंगलादेश दोनों के बीच हुए समझौते के लगभग एक दशक बाद बाड़ लगाने का काम चल रहा है.
बंगलादेश बॉर्डर गार्ड्स (बीबीजी) की आपत्ति के बाद पिछले कई वर्षों से तार की बाड़ लगाने का काम रोक दिया गया था. बीबीजी ने आरोप लगाया था कि भारत सीमा के भीतर 100 गज की दूरी पर बाड़ लगाने के नियम का पालन नहीं कर रही है. बाड़ लगाने के विवाद को लेकर करीब आठ साल पहले सबरूम के मंदिरघाट बीओपी पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बीबीजी के बीच संघर्ष हुआ था.
श्री शाह ने 70 किलोमीटर की दूरी के भीतर चटगांव बंदरगाह तक पहुंचने के लिए फेनी नदी पर सबरूम को दक्षिणी बंगलादेश के रामगढ़ से जोड़ने वाले भारत द्वारा निर्मित सबरूम सीमा चौकी और मैत्री सेतु (पुल) का भी दौरा किया. सबरूम के अलावा, त्रिपुरा के कई स्थानों पर तार की बाड़ लगाने का काम चल रहा है, जिसमें सोनमुरा में भारत-बंगलादेश सीमा के 6.5 किमी बिना बाड़ वाले महत्वपूर्ण खंड शामिल हैं.
