Sunday, March 29, 2026

जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों की पहचान करने की है जरूरत : फारूक अब्दुल्ला

Share

जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “लोग अपने लोकतांत्रिक, संवैधानिक और मानवाधिकारों के लिए तरस रहे हैं, जिसे 2019 से लगातार कम किया गया है.”

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष एवं श्रीनगर से सांसद फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के आंतरिक और बाहरी दुश्मनों की पहचान करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

श्री फारूक ने कहा, “जम्मू-कश्मीर के लोगों की एकता इस तरह की ताकतों की नापाक योजनाओं को पूरा नहीं होने देगी.”

पार्टी की ओर से विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने यह बात हरिनारा, सिंहपोरा, पट्टन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही.

उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन में सामान्य स्थिति, शांति और विकास की कहानी शायद ही जमीन पर दिखाई दे.

उन्होंने कहा, “लोग अपने लोकतांत्रिक, संवैधानिक और मानवाधिकारों के लिए तरस रहे हैं, जिसे 2019 से लगातार कम किया गया है.”

उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों को धार्मिक, क्षेत्रीय और सांप्रदायिक आधार पर बांटने की कोशिश कर रही विभाजनकारी ताकतों के प्रति लोगों को आगाह किया और कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग दो मोर्चे की लड़ाई का सामना कर रहे हैं, एक राष्ट्रीय स्तर पर विभाजनकारी एजेंडा चलाने वालों के साथ और दूसरा स्थानीय स्तर पर.

उन्होंने कहा, “शेर-ए-कश्मीर (नेशनल कॉन्फ्रेंस के संस्थापक शेख मोहम्मद अब्दुल्ला) ने हमेशा कहा कि एक दिन आएगा, जब कश्मीर के हर गली और कोने में एक नेता होगा. मौजूदा परिस्थितियों ने उनकी चेतावनी को प्रमाणित किया है. आज हम राजनीतिक दलों को तेजी से बढ़ते हुए देखते हैं और कश्मीर के हर नुक्कड़ पर नेता. अगस्त 2019 के फैसलों से पैदा हुए जोखिम भरे राजनीतिक शून्य को ऐसे हवाई नेताओं द्वारा नहीं भरा जा सकता है. यह एक वास्तविक लोकप्रिय प्रतिनिधि सरकार ही लोगों के दिलों में विश्वास पैदा करने की चुनौती को पूरा करेगी.”

उन्होंने कहा, “अपनी ए, बी टीमों की मदद से भी कश्मीर में प्रवेश करने में विफल रहने के बावजूद सांप्रदायिक ताकतें अब हर मोहल्ले, गली और गाँव में नेता बनाने के लिए तैयार हैं. यह हमारे लिए चेतावनी का संकेत है. कश्मीर के लोगों को ऐसी ताकतों से सावधान रहना चाहिए, जो हमारे समाज को क्षेत्रीय, धार्मिक, सांप्रदायिकता के आधार पर बांटना चाहती हैं.”

Read more

Local News