Friday, March 13, 2026

महाराष्ट्र: पुणे में निर्माणाधीन इमारत ढहने से 6 मज़दूरों की मौत, 5 घायल

Share

पुणे में निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में देर रात निमार्ण कार्य के दौरान लोहे के सरिये से बनायी गयी जाली उसके नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गयी. जिससे 6 मज़दूरों की मौत हो गई.

पुणे: महाराष्ट्र में पुणे शहर के यरवदा इलाके में गुरुवार देर रात निर्माणाधीन इमारत ढहने से छह मज़दूरों की मौके पर ही मौत हो गयी और अन्य पांच घायल हो गये. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि यरवदा के शास्त्री नगर में निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में गुरुवार देर रात निमार्ण कार्य जारी था.

इसी दौरान लोहे के सरिये से बनायी गयी भारी-भरकम जाली उसके नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गयी.

हादसे में छह श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए.

सभी घायलों को ससून सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

भवन के नीचे दबे छह श्रमिकों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है.

पुलिस नियंत्रण कक्ष ने बताया कि दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर बचाव अभियान शुरू कर दिया है जो अब तक जारी है.

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया है.

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर कुल 11 मजदूर कार्य कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि यहां बचाव अभियान अभी जारी है.

दमकल अधिकारियों ने बताया कि कर्मियों ने स्लैब के लोहे की जाल के नीचे फंसे श्रमिकों को बहुत मुश्किल से कटर की मदद से काटकर बाहर निकाला.

पुलिस ने बताया कि अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, क्योंकि सभी श्रमिक महाराष्ट्र से बाहर के राज्यों के निवासी थे.

उल्लेखनीय है कि पुलिस घटनास्थल की हर दृष्टिकोण से जांच कर रही है.

यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी रात में निर्माण कार्य की इजाजत किसने दी.

क्या भवन निर्माण के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी ली गयी थी.

घटना के पीछे के विस्तृत कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Read more

Local News