Friday, March 13, 2026

आवाज़ की मलिका लता मंगेशकर का मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन

Share

आवाज़ कि मलिका और भारत रत्न लता मंगेशकर का रविवार सुबह आठ बजकर 12 मिनट में ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया. वह 92 वर्ष की थी.

स्वर कोकिला मंगेशकर को कोरोना की बीमारी के कारण 08 जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बीच में उनकी तबियत ठीक हो गयी थी लेकिन शनिवार को अचानक उनकी तबियत बहेद खराब होने के बाद उन्हें फिर से वेंटिलेटर में रखा गया था और शाम को उनका इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया था कि दवा अपना असर कर रही है लेकिन आज सुबह उनका निधन हो गया.

स्वर सम्राज्ञी का हाल जानने के लिए कल से ही लोग अस्पताल पहुंच रहे थे. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे सबसे पहले उनका हाल जानने के लिए गये थे और उसके बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पत्नी भी अस्पताल गयी थी. आज उनका हाल जानने के लिए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी आने वाले थे.

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र, गायक उदित नारायण, बांसुरी बादक हरि प्रसाद चौरसिया ने सुश्री मंगेशकर के निधन पर दुख जताया है.

श्री नितिन गडकरी ने कहा कि सुश्री लता जी ने संगीत को एक नयी ऊंचाई प्रदान की. लता दी करोड़ों लोगों के प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी.

फिल्म अभिनेता रज़ा मुराद ने कहा कि पिछले 80 वर्ष से सुश्री लता जी लोगों के कानों में रस घोलती थी हम सब उनके ऋणी हैं. उनके आवाज में एक जादू था, जो भी उनके गाने सुनता था वह मंत्रमुग्ध हो जाता था. उन्होंने कहा कि जैसे हमारे देश में धरती का स्वर्ग कहे जाना वाला कश्मीर है और एक ताजमहल है उसी तरह एक लता मंगेशकर हैं. उन्हने कहा कि हमने संगीत जगत का कोहिनूर खो दिया. लता जी जैसे कोई नहीं.

आवाज़ कि मलिका लता के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है. उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा.

हेमा मालिनी ने कहा कि मेरी फिल्मी करियर में लता दीदी का बड़ा योगदान है क्योंकि उनकी आवाज मेरे फिल्मों में होने से काफी मदद मिलती थी. वे आज हमारे बीच नहीं हैं. हमारी उनकी व्हाट्सएप पर बातचीत होती रहती थी. वे मुझे कहती थी कि उनको मेरा नृत्य बहुत पसंद था और मुझे उनकी आवाज बहुत पसंद थी उन पर तो सरस्वती का वरदान था, उनको आज पूरी दुनिया याद कर रही है.

सुश्री लता जी के बचपन का नाम हेमा मंगेशकर था. फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र ने कहा कि सुश्री लता जी एक महान गायिका थी हम लोग उनके सामने बहुत छोटे कलाकार हैं. गायिका शुभा मुद्गल ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है.

सुश्री लता मंगेशकर ने फिल्मों में हर दौर की मशहूर अभिनेत्रियों के लिए गाना गया था. उन्होंने मधुबाला से माधुरी दीक्षित तक के लिए गाने गाये थे. स्वर कोकिला का का अंतिम संस्कार आज शाम शिवाजी पार्क में किया जायेगा.

कोविंद, वेंकैया, मोदी, राहुल सहित विभिन्न नेताओं ने लता मंगेशकर के निधन पर जताया शोक

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा हृदयविदारक

श्री कोविंद ने रविवार को अपने शोक संदेश में कहा, “लता जी का निधन मेरे लिए भी वैसे ही हृदयविदारक है, जैसा कि दुनियाभर के लाखों लोगों के लिए है. उनके गीतों की विशाल श्रृंखला में, भारत के सार और सुंदरता को प्रस्तुती से पीढ़ियों ने अपनी आंतरिक भावनाओं की अभिव्यक्ति पाई. भारत रत्न, लता जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी.”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “एक ऐसे कलाकार का जन्म सदियों में एक बार होता है. लता-दीदी एक असाधारण इंसान थीं. वह गर्मजोशी से भरी हुई थीं. मैं जब कि उनसे मिला उन्हें गर्मजोशी से भरा पाया. दिव्य आवाज हमेशा के लिए शांत हो गई है, लेकिन उसकी धुन अमर रहेगी, अनंत काल तक गूंजती रहेगी. उनके परिवार और हर जगह के प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं.”

उपराष्ट्रपति नायडू का शोक संदेश

उपराष्ट्रपति नायडू ने शोक संदेश में कहा, “लता मंगेशकर भारतीय सिनेमा की बुलबुल थी और एक महान गायिका थी. लता के निधन से भारत ने अपना स्वर खो दिया है. उनके भारत और दुनिया भर में करोड़ों पर प्रशंसक हैं. उन्होंने दशकों तक अपनी सुरीली आवाज मसे करोड़ों लोगों के दिलों पर शासन किया. वह वास्तविक अर्थों में संगीत रत्न थी. वह दशकों तक हिंदी सिनेमा में महारानी की तरह रही. उनके निधन से पैदा हुआ शून्य कभी नहीं भरा जा सकेगा.

उपराष्ट्रपति ने कहा, “लता मंगेशकर सदियों तक अपने चाहने वालों के दिलों में रहेंगी. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं लता मंगेशकर के परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं . ओम शांति.”

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मेरा दुख शब्दों से परे है. दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गईं. वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता. आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी.”

नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा, “देश की शान”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा, “देश की शान और संगीत जगत की शिरमोर स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन बहुत ही दुखद है. पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि. उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है. वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी. 30 हजार से अधिक गाने गाकर उनकी आवाज ने संगीत की दुनिया को सुरों से नवाजा है. लता दीदी बेहद ही शांत स्वभाव और प्रतिभा की धनी थी. सब देशवासियों की तरह मेरे लिए भी उनका संगीत बहुत ही प्रिय रहा है, मुझे जब भी समय मिलता है मैं उनके द्वारा गाए गए नगमें जरूर सुनता हूं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को संबल दे. ॐ शांति.”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “देश की शान और संगीत जगत की शिरमोर स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन बहुत ही दुखद है. पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि. उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है. वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी.”

नड्डा ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में लिखा

श्री नड्डा ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में लिखा, “हर संगीत प्रेमी के हृदय में निवास करने वाली स्वरकोकिला, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन हृदय विदारक है.यह संपूर्ण कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों मे स्थान दें. लता दीदी के परिजनों और विश्वभर में फैले करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं. ॐ शांति”

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा:

श्री गांधी ने ट्वीट कर कहा, “लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ. वह कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं. उनकी सुनहरी आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी. उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.”

केजरीवाल का शोक ट्वीट

श्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “भारत की स्वर कोकिला महान लता मंगेशकर जी का निधन भारत में संगीत के एक युग की समाप्ति है. उनकी सुरीली आवाज़ हम सबके बीच और पूरी दुनिया में सदा अमर रहेगी. प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें. ओम शांति.”

योगी आदित्यनाथ का ट्वीट:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा, “स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुःखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है.प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें.ॐ शांति!”

गृह मंत्री अमित शाह शोक व्यक्त किया

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसिद्ध पार्श्वगायिका भारत रत्न सुश्री लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया.

श्री शाह ने रविवार को सिलसिलेवार ट्वीट् कर कहा , “सुर व संगीत की पूरक लता दीदी ने अपनी सुर साधना व मंत्रमुग्ध कर देने वाली वाणी से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया. संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है. उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है.“

केन्द्रीय गृह मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा , “मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूँ कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा. अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी. उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ. ॐ शांति शांति”
श्री शाह ने ट्वीटर पर स्वर साम्राज्ञी के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा भारत की आवाज खो गयी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन से भारत की आवाज खो गयी है.

श्री सिंह ने रविवार को एक ट्वीट संदेश में कहा , ‘स्वर कोकिला’ लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज़ खो गई है. लताजी ने आजीवन स्वर और सुर की साधना की. उनके गाये हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों को सुना और गुनगुनाया है. उनका निधन देश की कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति है.उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ.”

स्वर साम्राज्ञी एवं भारत रत्न लता मंगेशकर का रविवार सुबह आठ बजकर 12 मिनट में यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया. वह 92 वर्ष की थी. वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी.

देश भर में दो दिन के राजकीय शोक

केन्द्र सरकार ने स्वर साम्राज्ञी एवं भारत रत्न सुश्री लता मंगेशकर के निधन पर उनके सम्मान में देश भर में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. उनका अंतिम संस्कार भी राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा.

गृह मंत्रालय ने रविवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि सुश्री लता मंगेशकर के सम्मान में रविवार और सोमवार को देश भर में राजकीय शोक रहेगा और इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज भी आधा झुका रहेगा. इसके अलावा इस अवधि में आधिकारिक स्तर पर किसी भी तरह के मंनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जायेगा.
मंत्रालय ने कहा है कि स्वर साम्राज्ञी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा.

सुश्री लता मंगेशकर का रविवार सुबह आठ बजकर 12 मिनट पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया. वह 92 वर्ष की थी. वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी.

Read more

Local News