Friday, March 13, 2026

केशव मौर्य : सपा गठबंधन के उम्मीदवारों की लिस्ट में बदमाशों और मुज़रिमों के नाम

Share

केशव मौर्य ने कहा कि सपा और रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों की पहली सूची के माध्यम से अखिलेश यादव ने स्पष्ट सन्देश दिया है कि वह अपराधियों, गुंडों और दंगाइयों का साथ छोड़ने को तैयार नहीं हैं.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन के प्रत्याशियों की पहली सूची में खूंखार अपराधियों के नाम शामिल है जिससे पता लगता है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपराधियों, गुंडों और दंगाइयों का साथ छोड़ने को तैयार नहीं हैं.

मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि सपा और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) गठबंधन के प्रत्याशियों की पहली सूची के माध्यम से अखिलेश यादव ने स्पष्ट सन्देश दिया है कि वह अपराधियों, गुंडों और दंगाइयों का साथ छोड़ना नहीं चाहते हैं.

इससे यह भी पता चलता है कि सपा का सरकार बनाने का मतलब है, प्रदेश में फिर से दंगा राज, गुंडा राज और अपराधी राज.

उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की इस सूची में कैराना से पलायन का कारण बने आरोपियों, दंगाईयों, गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों को टिकट दिया है.

उन्होंने सपा प्रमुख से पूछा कि वह बताएं की अपने गठबन्धन से वह प्रदेश की जनता को क्या सन्देश देना चाहते हैं.

अखिलेश बताएं कि क्या वह प्रदेश में फिर से मुज़फ्फरनगर जैसा दंगा और कैराना जैसे पलायन की स्थिति पैदा करना चाहते हैं.

भाजपा सपा-रालोद गठबंधन के चरित्र के खिलाफ अभियान चलाएगी और जनता के बीच सन्देश भी देने का कार्य करेगी.

खुद जनता जनार्दन भी सपाई कुशासन की वापसी नहीं चाहती है और 300 प्लस सीटों का आशीर्वाद भाजपा को देने का मन बना चुकी है.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा गठबंधन ने बुलंदशहर में हिस्ट्रीशीटर हाजी यूनुस जैसे अपराधी, शामली से हिस्ट्रीशीटर भगोड़े नाहिद हसन, मेरठ से हिस्ट्री शीटर रफीक अंसारी, लोनी से हिस्ट्रीशीटर मदन भैया जैसे अपराधी को टिकट देने का काम किया है जिनका खौफ अन्य प्रदेशों में भी व्याप्त है.

प्रदेश की वर्तमान सरकार में आज अपराधी थर थर कांपते हैं लेकिन सपा ने इस सूची के ज़रिये ट्रेलर दिखाया है कि वह प्रदेश में गुण्डाराज और दंगाराज कि वापसी कराने का मंसूबा पाले हुए हैं.

Read more

Local News