Friday, March 13, 2026

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा भाजपा में हुए शामिल

Share

मनजिंदर सिंह सिरसा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र प्रधान, गजेंद्र सिंह शेखावत और पंजाब भाजपा के प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली.

नयी दिल्ली: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है.

बुधवार को यहाँ श्री सिरसा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, गजेंद्र सिंह शेखावत और पंजाब भाजपा के प्रभारी दुष्यंत गौतम की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली.

श्री सिरसा ने कहा, “मैं पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह को धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे भाजपा में शामिल करवाया.”

पंजाब के चुनाव प्रभारी श्री शेखावत ने कहा, “उत्तर भारत की राजनीति में सिख चेहरों में जो चेहरा दिमाग में आता है वह श्री सिरसा का है. भाजपा परिवार में इनका स्वागत है. पंजाब चुनाव में इसका लाभ होगा.”

इस मौके पर श्री प्रधान ने कहा, “भाजपा के लिए आज शुभ दिन है. श्री सिरसा के शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी. दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ज़िम्मेदारी से मुक्त होकर वह भाजपा में शामिल हुए हैं. श्री नड्डा और श्री शाह ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी है.”

उल्लेखनीय है कि पंजाब में अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं.

चुनावी लिहाज से भाजपा श्री सिरसा के के शामिल होने पर पार्टी के लिए फायदेमंद मान रही है.

Read more

Local News