मध्यप्रदेश के 4 क्षेत्रों मे सुरक्षा बालों को तैनात कर उपचुनावों के लिए मतदान जारी है जो शाम छह बजे तक चलेगा।
भोपाल: मध्यप्रदेश में खंडवा लोकसभा और रैगांव, जोबट तथा पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनावों के लिए आज सुबह सात बजे सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान प्रारंभ हो गया।
कुल 3944 मतदान केंद्रों पर 26 लाख 50 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग शाम छह बजे तक कर सकेंगे।
मतदान के बाद 48 प्रत्याशियों की किस्मत इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो जाएगी और 02 नवंबर को मतगणना होगी।
शुरूआती एक घंटे के दौरान औसतन आठ से दस प्रतिशत मतदान होने की खबरें हैं। मतदान केंद्रों पर कोरोना संबंधी गाइडलाइन का भी पालन कराया जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मतदान खंडवा संसदीय क्षेत्र में कुल 2908 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
इसके अलावा पृथ्वीपुर में 306, रैगांव (अजा) में 313, और जोबट (अजजा) में 417 मतदान केन्द्रों मत मतदान चल रहा है।
कुल 3944 मतदान केन्द्र हैं। इनमें 865 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। वहीं 874 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग तथा 361 मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
कुल 10,027 ‘बैलेटिंग यूनिट’ हैं, जिसमें रिजर्व इकाइयां भी शामिल हैं। 5517 कंट्रोल यूनिट हैं और 5886 वीवीपैट यूनिट हैं।
दादरा व नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश के मंडी और मध्य प्रदेश के खंडवा में लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होगा. https://t.co/Qjf9i8xCzx
— @HindiNews18 (@HindiNews18) October 30, 2021
खंडवा संसदीय क्षेत्र में कुल 19,68,805 मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
यहां भाजपा-कांग्रेस सहित कुल 16 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह रैगांव उपचुनाव में 2,07, 443 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। रैगांव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।
इसके अलावा जोबट विधानसभा उपचुनाव में 2,75,214 मतदाता हैं। यहां कुल 6 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। बुंदेलखंड अंचल के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में 1,98,542 कुल मतदाता हैं, जो अपना वोट डाल सकेंगे।
पृथ्वीपुर में 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस तरह चाराें क्षेत्रों में कुल 48 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
निर्वाचन क्षेत्रों में राज्य के बाहर की विशेष सशस्त्र बल की 50 कम्पनियां और एमपी एसएएफ की 8 कम्पनियां तैनात की गई हैं।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिये निर्वाचन केन्द्रों एवं निर्वाचन क्षेत्रों में 914 डीएसपी, नगर निरीक्षक, उप निरीक्षक और सहायक निरीक्षक, 6992 प्रधान आरक्षक-आरक्षक, 3123 होमगार्ड और 3945 विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किये गये हैं।
इसके अलावा 42 अंतर्राज्यीय नाके, 37 अंतर-जिला नाके, 55 फ्लाइंग स्कवाड और 64 स्टेटिक्स सर्विलांस टीमें तैनात की गयीं हैं।
खंडवा संसदीय क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल और कांग्रेस के राजनारायण सिंह पुरनी के बीच है।
इसी तरह अलीराजपुर जिले की जोबट (अजजा) सीट पर भाजपा की पूर्व मंत्री सुलोचना रावत और कांग्रेस के महेश पटेल की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है।
सतना जिले की रैगांव (अजा) सीट पर श्रीमती प्रतिमा बागरी (भाजपा) का मुख्य मुकाबला कांग्रेस की श्रीमती कल्पना वर्मा से है।
इसके अलावा पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल सिंह के मुकाबले में कांग्रेस के नितेंद्र सिंह राठौर हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के वजह से खंडवा में उपचुनाव हो रहे हैं।
इसी तरह जोबट में कांग्रेस नेता कलावती भूरिया, रैगांव में भाजपा के जुगलकिशोर बागरी और पृथ्वीपुर में कांग्रेस के पूर्व मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन के कारण यह उपचुनाव हो रहे हैं।
