नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लिए कन्या पूजन राजनीति का विषय हो सकता है, लेकिन भाजपा के लिए श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति का विषय है।
भोपाल: मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा भाजपा चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक भूपेंद्र सिंह ने कन्या पूजन को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए आज कहा कि यह उनके लिएकन्या पूजन राजनीति का विषय हो सकता है, लेकिन भाजपा के लिए यह श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति का विषय है।
श्री सिंह ने यहां मीडिया से चर्चा में कहा कि कन्यापूजन हमारे लिए राजनीति का नहीं श्रृद्धा का विषय है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जब भी किसी कार्यक्रम में जाते हैं, तो वे सबसे पहले मंच पर कन्यापूजन करते हैं। चाहे वह शासकीय कार्यक्रम हो या पार्टी का कार्यक्रम हो।
कन्यापूजन हमारे लिए श्रृद्धा, भक्ति और सृंस्कृति का विषय है, लेकिन कांग्रेस के लिए कन्यापूजन राजनीति का विषय है।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने कहा कि पहले कन्या पूजन का विरोध करते रहे थे। अब कन्यापूजन की बात करने लगे हैं। कांग्रेस का अपना कोई नैतिक चरित्र और विचारधारा नहीं है। ये वही कांग्रेस है, जो कन्हैया कुमार की कांग्रेस हो गई है।
ये ऐसी पार्टी है जो सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है।
भाजपा चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दे नहीं हैं। चुनाव विकास पर होते हैं।
कांग्रेस बताए कि उन्होंने सवा साल की सरकार में क्या किया। हम बताएंगे कि पहले 15 साल और अभी डेढ़ साल में हमारी सरकार में क्या किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कभी कुछ बात करते हैं, कभी दूसरी बात करते है। कांग्रेस का एक ही चरित्र है कि कैसे भी सत्ता प्राप्त करो।
सत्ता प्राप्त करने के लिए कर्जमाफी और नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने की बात कहीं थी और बाद में कुछ नहीं हुआ।
उपचुनाव में कम्पयूटर बाबा के प्रचार करने को लेकर उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर बाबा कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। साधु संत किसी पार्टी के नहीं होते हैं। कार्यकर्ता के नाते वो अगर प्रचार कर रहे हैं, तो हमें क्या दिक्कत है।

