Friday, March 13, 2026

राज्यसभा ने जम्मू कश्मीर और पुद्दूचेरी की अनुपूरक मांगें लोकसभा को लौटाई

Share

जम्मू-कश्मीर और पुद्दूचेरी की अनुपूरक मांगें राज्यसभा ने लोकसभा को लौटा दी है। दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के बजट और अनुपूरक मांगों पर सदन में चर्चा की गई। वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार ने विकास की प्रक्रिया को गति दी है।

नई दिल्ली: राज्यसभा ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर एवं पुड्डुचेरी केंद्र शासित प्रदेशों के बजट से संबंधित विनियोग विधेयकों और अनुपूरक मांगों तथा विनियोग विधयेक 2021 तथा संबंधित अनुपूरक मांगों को ध्वनिमत से लोकसभा को लौटा दिया।

दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के बजट और अनुपूरक मांगों पर सदन में हुई चर्चा का जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जम्मू- कश्मीर में केंद्र सरकार ने विकास की प्रक्रिया को गति दी है। राज्य में केंद्रीय योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। अनुच्छेद 370 हटाने को सही ठहराते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आतंकवादी घटनाओं में कमी आयी है और पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। राज्य में स्थानीय स्तर पर चुनाव कराये गये।

उन्होंने कहा कि पुद्दूचेरी का बजट महज अप्रैल से अगस्त 2021 की अवधि के लिए हैं। इसके बाद पूर्ण बजट राज्य की चुनी हुई सरकार लायेगी। इस बजट का इस्तेमाल राज्य में धन की अभाव में रुकी हुई विकास परियोजनाओं के लिए किया जाएगा।

वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ के संकल्प के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सम्पन्न हुए डीडीसी चुनाव में 51 फ़ीसदी मतदान हुआ, जिसने ग्रामीण इलाक़ों में रहने वाली जनता ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आतंकवादी और अलगाववादी तत्व कमजोर हुए। इससे साबित होता है कि जनता ने अनुच्छेद 370 के हटने का स्वागत किया है।

राज्यसभा ने विनियोग विधेयक 2021, जम्मू कश्मीर विनियाेग विधेयक 2021 और जम्मू कश्मीर विनियोग (संख्यांक -2) विधेयक 2021 तथा पुद्दूचेरी विनियोग विधेयक 2021 और पुद्दूचेरी विनियोग (संख्यांक – ) विधेयक 2021 पर एक साथ चर्चा की गई।

कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल, बीजू जनता दल के प्रशांत नंदा, अन्ना द्रमुक के एम थम्बीदुरई, भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी, तेलंगाना राष्ट्र समिति के जोगिनीपल्ली संतोष कुमार, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के वी. विजय साई रेड्डी, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार झा, भारतीय जनता पार्टी के अशोक वाजपेयी, कांग्रेस के सैयद नाजिर हुसैन, भारतीय जनता पार्टी के श्वेत मलिक, इसी पार्टी के संजय सेठ और आम आदमी पार्टी के नारायण दास गुप्ता ने भी चर्चा में हिस्सा लिया।

[हम्स लाईव]

Read more

Local News