Friday, March 13, 2026

भंडारा जिला अस्पताल में आग लगने से 10 नवजात बच्चों की मौत

Share

नवजात शिशु देखभाल वार्ड (Newborn Care Ward) में आग लगने के कारणों का तात्कालिक पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जतायी गयी है कि शार्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई।

पुणे: महाराष्ट्र में भंडारा जिले के सरकारी अस्पताल में शनिवार को आग लगने से 10 नवजात बच्चों की मौत हो गयी। जिला अस्पताल के सिविन सर्जन डाॅ प्रमोद खंडाते ने बताया कि एक और तीन माह की आयु के 17 बच्चों को नवजात देखभाल वार्ड में रखा गया था।

आज सुबह एक नर्स ने वार्ड से धुंआ निकलते देखा और डॉक्टरों को इत्तिला दी। अस्पताल कर्मियों ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया। इनमें सात बच्चों को बचा लिया गया , लेकिन 10 बच्चों की मौत हो गयी।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक नवजात देखभाल वार्ड में तड़के करीब 02.00 बजे आग लग गयी। आग लगने के कारणों का तात्कालिक पता नहीं चल सका है , लेकिन आशंका जतायी गयी है कि शार्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई।

उन्होंने बताया कि अग्निशमन कर्मी दमकलों के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। डॉ खंडाते ने बताया कि मृतक बच्चों के अभिभावकों को घटना के बारे में जानकारी दी गयी है। हादसे में बचे सात बच्चों को अन्य वार्ड में ले जाया गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे और जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटना की जांच के आदेश भी दिये हैं।

Read more

Local News